देवास। विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत देवास जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि जिला चिकित्सालय देवास में संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर माहवारी स्वच्छता विषय पर जागरूकता संवाद, प्रश्नोत्तर सत्र, ग्रुप डिस्कशन एवं विषय प्रस्तुतीकरण जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य माहवारी के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना तथा किशोरी बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जिला स्तर के साथ-साथ विकासखंड स्तर की स्वास्थ्य संस्थाओं में भी आयोजित किए गए। उमंग स्वास्थ्य केंद्रों, साथिया कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनरों की सहभागिता, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियाँ की गईं।
साथ ही, सीएचओ द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।