मनासा। सेमली आंतरी गांव में नदी में डूबने की दर्दनाक घटना के बाद विधायक अनिरुद्ध माधव मारू शनिवार को मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं राहत-बचाव दल से चर्चा कर चल रहे रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की।
विधायक मारू ने घटना को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक बताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक एक व्यक्ति का शव बरामद किया जा चुका है, जबकि दूसरे व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान जारी है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए तथा पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ लापता व्यक्ति की तलाश सुनिश्चित की जाए। विधायक ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर राहत कार्य को प्रभावी बनाया जाए।
इस दौरान विधायक मारू ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।