नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की जलप्रदाय शाखा प्रभारी एवं उपयंत्री अन्नू सोलंकी ने बताया कि 30 मई 2026 को एमपीईबी द्वारा किए गए मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते शहर की जल टंकियां निर्धारित समय पर नहीं भर सकीं और पेयजल सप्लाई भी प्रभावित हुई।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को आए आंधी-तूफान के कारण रात्रि करीब 9 बजे पुनः बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। एमपीईबी अधिकारियों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि फॉल्ट हाई टेंशन (एचटी) लाइन से संबंधित है तथा इसकी मरम्मत में समय लग सकता है। फिलहाल विद्युत आपूर्ति बहाल होने का समय निश्चित नहीं है।
बिजली बाधित रहने के कारण नगर पालिका क्षेत्र में 31 मई को होने वाली जलापूर्ति को एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। अब 31 मई की सप्लाई 1 जून को तथा 1 जून की सप्लाई 2 जून को दी जाएगी। इसी क्रम में आगामी जलापूर्ति कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
नगर पालिका ने नागरिकों से आंधी-तूफान के मौसम को देखते हुए पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करने और आवश्यकता अनुसार जल संग्रहित रखने की अपील की है। साथ ही जनता को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।