नीमच। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से नीमच पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 118 गैर-जमानती वारंट तामील किए गए तथा विभिन्न अधिनियमों के तहत कई प्रकरण दर्ज किए गए।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं पुलिस बल ने लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानीशुदा बदमाशों की जांच, होटल-लॉज एवं ढाबों की चेकिंग तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया।
पुलिस ने जिलेभर में 12 स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 175 से अधिक वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहन चालकों के चालान काटकर 21 हजार 800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 118 वारंट तामील किए गए, जिनमें 39 स्थायी वारंट और 79 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 2, शरीर संबंधी अपराधों के 52 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 37 वारंट तामील कराए गए।
पुलिस ने 107 निगरानीशुदा बदमाशों और एक जिला बदर आरोपी की भी जांच की। साथ ही जिलेभर में 60 होटल, लॉज और ढाबों की सघन चेकिंग की गई।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 51 लीटर कच्ची शराब जब्त की। वहीं सट्टा अधिनियम के तहत 3, जुआ अधिनियम के तहत 1 तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 प्रकरण दर्ज किया गया।
एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई में पुलिस ने 2 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा जिले में 54 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
महिला संबंधी अपराधों के तीन आदतन आरोपियों की भी विशेष निगरानी की गई तथा उनके चाल-चलन और गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत विभिन्न बैंकों और एटीएम की भी जांच की।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।