रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिचालन क्षमता का प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने 30 मई 2026 को एक ही दिन में सर्वाधिक 66 क्रैक ट्रेनों का सफल परिचालन कर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही 54.1 प्रतिशत का क्रैक रेशियो हासिल कर मंडल ने अपने पूर्व रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन में परिचालन विभाग तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। वाणिज्य, सिग्नल एवं दूरसंचार, संरक्षा, सुरक्षा, यांत्रिक और इंजीनियरिंग विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक 64 क्रैक ट्रेनों के परिचालन का रिकॉर्ड 7 मई 2024 को दर्ज किया गया था। वहीं, क्रैक रेशियो का पूर्व सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 12 मई 2026 को 52.21 प्रतिशत था। 30 मई को मंडल ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ते हुए नई उपलब्धि हासिल की।
रेलवे परिचालन में क्रैक ट्रेन वह मालगाड़ी होती है, जिसे बिना रेक विभाजन, बिना अनावश्यक यार्ड रुकावट और न्यूनतम परिचालन हस्तक्षेप के साथ एक मंडल या जोन से दूसरे मंडल या जोन तक आगे बढ़ाया जाता है। इससे मालगाड़ियों की गति बढ़ती है, ट्रांजिट समय कम होता है और रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग संभव हो पाता है।
क्रैक ट्रेनों के अधिक परिचालन से माल की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित होती है, वैगनों का टर्नअराउंड समय घटता है तथा परिचालन लागत में कमी आती है। इससे रेलवे की माल परिवहन क्षमता और लॉजिस्टिक्स दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
रतलाम मंडल ने इस उपलब्धि को परिचालन विभाग, नियंत्रण कार्यालय, स्टेशन प्रबंधन, लोको रनिंग स्टाफ एवं अन्य संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। मंडल भविष्य में भी आधुनिक परिचालन पद्धतियों और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से माल परिवहन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि न केवल पश्चिम रेलवे की माल परिवहन क्षमता को मजबूत करेगी, बल्कि भारतीय रेलवे के माल राजस्व और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।