रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समयावधि पत्र, समाधान पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन एवं समयावधि पत्रों के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समाधानकारी निराकरण कर निर्धारित समय-सीमा में जवाब पोर्टल पर दर्ज किया जाए।
बैठक में सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा समग्र ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर नियमानुसार आर्थिक दंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पात्र हितग्राहियों को संबल योजना एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं।
बैठक में कार्यालय प्रमुखों को एसडीआरएफ टीम के सहयोग से फायर ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को शासकीय एवं निजी अस्पतालों, खाद्य विभाग को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा नगर निगम को अपने क्षेत्र में संचालित दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वन विभाग, नगर निगम, ग्रामीण विकास विभाग एवं नगरीय निकायों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 5 जून को सांकेतिक पौधारोपण किया जाए तथा व्यापक पौधारोपण वर्षा प्रारंभ होने के बाद किया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां अभी से सुनिश्चित की जाएं।
कलेक्टर ने फार्मर आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए सभी एसडीएम को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में तहसीलदार, पटवारी एवं रोजगार सहायकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।