मुरैना। जिले के ग्राम कुम्हेरी निवासी किसान नरेश शर्मा ने खाद पंजीयन के कार्य में रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
किसान का आरोप है कि खाद पंजीयन संबंधी आवश्यक कार्य के लिए संबंधित पटवारी से संपर्क किया गया था, लेकिन कार्य करने के बदले अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है। आरोप है कि रिश्वत न देने पर जानबूझकर उसका कार्य लंबित रखा गया है, जिससे उसे लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान ने अपनी शिकायत में बताया है कि खरीफ सीजन की प्रमुख फसलें जैसे बाजरा, ज्वार, मक्का एवं सोयाबीन की बुवाई का समय नजदीक है। ऐसे में खाद पंजीयन और खाद की उपलब्धता समय पर नहीं होने से फसल उत्पादन प्रभावित हो सकता है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो न केवल उसे बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इसी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
किसान ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसानों को बिना किसी भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सके।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है और किसानों को राहत दिलाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।