शिवपुरी। जिले में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पिछोर तहसील की ग्राम पंचायत पिपारा के युवा खिलाड़ियों, छात्रों एवं ग्रामीणों ने गांव में शासकीय खेल मैदान निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि पिपारा गांव की आबादी लगभग 5 से 8 हजार के बीच है, लेकिन आज तक गांव में कोई शासकीय खेल मैदान उपलब्ध नहीं है। खेल मैदान के अभाव में युवाओं और खिलाड़ियों को अभ्यास तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है।
आवेदन में कहा गया है कि खेल सुविधाओं के अभाव से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि गांव में खेल मैदान का निर्माण हो जाता है तो युवाओं को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द शासकीय खेल मैदान स्वीकृत कर उसका निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए उचित सुविधाएं मिल सकें।