नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को व्यवहार में उतारते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा बुधवार को जिला अधिकारियों के साथ यात्री बस से ग्राम खातीखेड़ा के लिए रवाना हुए। खातीखेड़ा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया था।
कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुई बस में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, वनमंडलाधिकारी एस.के. अटोदे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एक साथ सवार हुए। प्रशासन द्वारा शासकीय और निजी वाहनों के बजाय सामूहिक परिवहन का उपयोग कर ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
खातीखेड़ा में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर-
तहसील जावद के ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।
योजनाओं की दी जानकारी-
शिविर के दौरान ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र हितग्राहियों से विभिन्न योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन प्राप्त किए गए, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।