प्रतापगढ़। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा के पांचवें दिन प्रतापगढ़ पहुंचने पर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने यात्रा में शामिल होकर अपनी लंबित मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। प्रमुख मांगों में राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के निजीकरण पर रोक, सरेंडर लीव का भुगतान, चयनित वेतनमान का लाभ, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, पदोन्नति संबंधी लाभ, होमगार्ड जवानों को 12 माह रोजगार तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर तीन लाख रुपये ग्रेच्युटी प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा महासंघ ने 25 सूत्रीय मांग पत्र पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मोहनलाल शर्मा, अजयवीर सिंह, शेर सिंह यादव, ओमप्रकाश चौधरी, डॉ. रणजीत मीणा, प्रकाश यादव, महेश धाकड़, शशिकुमार शर्मा, प्रभु सिंह, अमर सिंह, सत्यनारायण भट्ट, श्यामलाल शर्मा, विक्रम मीणा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।