बुरहानपुर। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने उदासीन आश्रम में आयोजित पुरुषोत्तम कथा का श्रवण किया। शनिवार सुबह हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने व्यासपीठ का पूजन किया, आरती में सहभागिता की और पूज्य महंत स्वामी पुष्करानंद महाराज, स्वामी योगेश्वरानंदजी महाराज तथा अन्य संतजनों का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि राजसत्ता का मार्ग धर्मसत्ता से होकर जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे इसी मार्ग पर चलकर सनातन संस्कृति का ध्वज विश्वभर में फहरा रहे हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सांसद पाटील ने उदासीन आश्रम के भवन निर्माण और विकास कार्यों के लिए अपनी सांसद निधि से 11 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे तो केवल एक माध्यम हैं, देने वाले तो प्रभु हैं। ईश्वर की कृपा से ही समाज और धर्म की सेवा में योगदान देने का अवसर प्राप्त होता है।
इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पावरलूम फेडरेशन अध्यक्ष जयंती नवलखे, किशोर शाह, मनोज टंडन, अधिवक्ता संतोष देवताले, आदित्य प्रजापति, एमआईसी चौयरमेन भारत इंगले, अमित नवलखे, राजेश महाजन, डॉ. दीपक वाभले, विनायक सहगल, मुकेश तारवाला, लीलाधर भावसार, हेमलाल मोरे, दिनेश धारे और दिलीप चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।