रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 12 जून से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने बताया कि 12, 13 एवं 14 जून को नगर निगम रतलाम, जनपद पंचायत सैलाना, जावरा एवं पिपलोदा तथा नगर परिषद बड़ावदा अंतर्गत नगर पालिका जावरा कार्यालय में जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए।
जावरा में आयोजित शिविर में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके पश्चात नोडल अधिकारी सुश्री वैशाली जैन ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जावरा एसडीएम सुनील जायसवाल ने क्षेत्र के पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी जनकल्याण शिविर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि जिन आवेदनों का निराकरण तत्काल संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को सूचित किया जाएगा तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।