सरवानिया महाराज। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर में जलभराव की समस्या से बचाव एवं बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद द्वारा नालों, नालियों एवं सार्वजनिक मार्गों से गाद और कचरा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने हाल ही में नगर का निरीक्षण कर स्वच्छता प्रभारी को निर्देश दिए थे कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी बड़े नालों तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों की नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छता प्रभारी विजय दुर्गज ने बताया कि जेसीबी मशीनों की सहायता से बड़े नालों, नालियों एवं आम रास्तों पर जमा गाद और कचरे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही वार्डों एवं गलियों में भी नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि नियमित सफाई व्यवस्था के अतिरिक्त चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। अभियान के तहत गमू तलाई क्षेत्र, मिडिल स्कूल के पास, पंवार कॉम्प्लेक्स के पीछे सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्य किया गया।
नगर परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें।