देवास। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 50 महिलाओं के साथ घरेलू धंधा शुरू कराने और लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने पहले पूजा सामग्री, राई और इलायची पैकिंग जैसे छोटे काम देकर भरोसा जीता, फिर बड़े व्यवसाय और लोन का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में पैसे ले लिए।
पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर बिएनपी थाना पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सुनीता गेहलोद को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के सख्त निर्देश हैं कि महिला संबंधी मामलों में बिना देरी के कार्रवाई की जाए। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई, साथ ही आरोपी के खिलाफ अन्य जिलों में भी मामले दर्ज हैं और फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं थाने पहुंचीं और थाना प्रभारी ओर पुलिस टीम का पुष्पमाला से स्वागत कर आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि त्वरित कार्रवाई से उन्हें राहत और भरोसा मिला है।
पुलिस ने आमजन, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं से अपील की है कि लोन या रोजगार के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और किसी भी झांसे में न आएं। जागरूकता ही ठगी से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है।