नीमच। जावद रोड रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी एवं आरपीएफ मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तेर सिंह उर्फ तेरु पिता जगदीश महीड़ा (50) निवासी ग्राम सेमलखेड़ी, थाना रावटी, जिला रतलाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेर सिंह कपासन क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था।
परिजनों के अनुसार घटना से पूर्व उसने अपने पुत्र तोलू को फोन कर बताया था कि वह सांवलियाजी के दर्शन करने के बाद अगले दिन गांव लौटेगा। शनिवार सुबह परिजनों को जीआरपी से सूचना मिली कि जावद रोड रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला है।
प्रारंभिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होना सामने आया है। सूचना पर आरपीएफ एवं जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।