देवास। जिले के जिनवानी वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में वन विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए, वहीं शासकीय वाहन और जेसीबी मशीन के कांच टूट गए।
जानकारी के अनुसार, कमलापुर बीट के कक्ष क्रमांक-94 में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग के पांच परिक्षेत्रों का अमला और कमलापुर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान भीलआमला गांव के कुछ महिला-पुरुषों ने विरोध शुरू किया, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गया।
पथराव में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय, सूरज धांधे तथा वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक के.के. परमार सहित अन्य वनकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र, आरआर अस्पताल चापड़ा और जिला चिकित्सालय देवास में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वन विभाग और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।