चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कपासन थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सिंहपुर गांव स्थित एक नोहरे पर दबिश देकर 211 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा, करीब 7 किलोग्राम मिलावटी पदार्थ तथा तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान ष्ऑपरेशन त्रिनेत्रष् चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी हरजीलाल के निर्देशन में कार्यवाहक थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह तथा डीएसटी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को सिंहपुर गांव में मुकेश आचार्य के नोहरे पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान वहां से 211 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा तथा लगभग 7 किलोग्राम ऐसा पदार्थ बरामद किया गया, जिसका उपयोग डोडाचूरा में मिलावट के लिए किया जा रहा था। मौके से मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी थाना प्रभारी कपासन सुनील शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।
गिरफ्तार आरोपी-
मुकेश पिता जगदीशचंद्र आचार्य (31 वर्ष), निवासी सिंहपुर, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़।
चेतन उर्फ कालू पिता नरेन्द्र उर्फ किशोर टेलर (28 वर्ष), निवासी सिंहपुर, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।