उज्जैन। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद महेश केवट उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की । दर्शन के बाद उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण की कामना की।
मीडिया से चर्चा करते हुए महेश केवट ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है । उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल हो, छात्र योग्य बनें, किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिले और मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, यही उनकी प्रार्थना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और सभी को इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीति और अन्य क्षेत्रों में बराबरी की भागीदारी दिलाने के लिए भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर सभी को विश्वास रखना चाहिए । उन्होंने कहा कि सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णयों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी विषय पर अनावश्यक टिप्पणी से बचना चाहिए । उन्होंने कहा कि सत्य की जीत हुई है और देश की न्यायपालिका एक स्वतंत्र एवं सम्मानित संस्था है, जिस पर सभी नागरिकों को भरोसा है ।
उज्जैन प्रवास के दौरान महेश केवट ने बाबा महाकाल से प्रदेश और देश के जनकल्याण की प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर मध्यप्रदेश और भारत के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।