नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आगामी एक माह में जिले में 1250 आवास पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसमें जनपद पंचायत जावद में 700, मनासा में 350 तथा नीमच में 200 आवास पूरे किए जाएंगे। वर्ष 2025-26 की शेष स्वीकृतियों को एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज में तेजी लाने तथा 15 जुलाई तक 50 प्रतिशत ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 15 जुलाई तक 300 हितग्राहियों को ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, अमृत सरोवर, खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज एवं मनरेगा कार्यों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने सभी पूर्ण कार्यों की जियो-टैगिंग 30 जून तक सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण कार्यों की सफलता की कहानियां तैयार करने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत हाईवे से लगी पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक लगाने, ढाबों एवं दुकानों पर डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जलग्रहण परियोजनाओं, तालाबों के पीचिंग कार्यों तथा ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन कर संग्रहण व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।