छतरपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छतरपुर के नया पन्ना नाका स्थित मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल कार्यालय में पदस्थ संभाजी लेखपाल बाला प्रसाद विश्वकर्मा को ₹4 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रामनारायण शुक्ला ने अमलतास कॉलोनी में मकान खरीदा था। मकान की रजिस्ट्री से संबंधित कार्य के लिए वह पिछले लगभग दो वर्षों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में लेखपाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पहले ही ₹2 हजार दे चुके थे और शेष ₹4 हजार की मांग की जा रही थी।
इससे परेशान होकर रामनारायण शुक्ला ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन लोकायुक्त डीएसपी मंजू तिर्की के निर्देशन में कराया गया। शिकायत सही पाए जाने के बाद सागर लोकायुक्त की 13 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मार कार्रवाई की।