मंदसौर। शहर के अभिनंदन क्षेत्र स्थित गीता भवन रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक नंदी (गौवंश) गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नंदी सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार क्रमांक एमपी 43 जेडएच 5922 महावीर कॉलोनी गली नंबर-2 के सामने तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने नंदी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के नागरिक मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद नंदी को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला। जांच में उसके पैर में गंभीर चोट पाई गई, जिसके बाद तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वह बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।