चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय स्थित अल्पसंख्यक बालक छात्रावास में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र विद्यार्थी 30 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि कक्षा 9 से उच्च कक्षाओं, महाविद्यालयों, व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध एवं पारसी) के विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं। इसके अलावा अन्य समुदाय के एससी, एसटी, ओबीसी एवं एमबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थी भी प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
छात्रावास में आवास, भोजन एवं अन्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये तक होना आवश्यक है। राज्य सरकार के लेवल-11 तक वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के बच्चों को भी पात्र माना जाएगा। छात्रावास में केवल जिला मुख्यालय चित्तौड़गढ़ के बाहर निवास करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
इच्छुक विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन 30 जुलाई 2026 तक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, कुम्भानगर, चित्तौड़गढ़ में व्यक्तिगत रूप से, डाक अथवा ई-मेल के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं।