गरोठ। लंबे समय से जर्जर पड़े चंदवासा-मेलखेड़ा मार्ग के कायाकल्प की शुरुआत हो गई है। करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का मंगलवार को भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह सड़क निर्माण क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नई सड़क के निर्माण से चंदवासा, मेलखेड़ा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं सड़क चौड़ी एवं मजबूत बनने से दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।