खरगोन। कलेक्टर भव्या मित्तल की पहल पर शहर के आस्था ग्राम ट्रस्ट को मुंबई स्थित वीआईपी इम्पैक्ट सेंटर की ओर से 7 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग मिला है। इस राशि का उपयोग ट्रस्ट में रह रहे मूकबधिर, नेत्रहीन, मंदबुद्धि और निराश्रित बच्चों के स्किल डेवलपमेंट एवं शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।
मंगलवार को वीआईपी इम्पैक्ट सेंटर के प्रतिनिधि शिव कुमार ने ट्रस्ट को 7 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे भविष्य में अपने पैरों पर खड़े होकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।
ट्रस्ट प्रबंधन के अनुसार, इस सहयोग से बच्चों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, सिलाई, ब्यूटी पार्लर और अन्य रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उनकी पढ़ाई के लिए किताबें, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि उनका प्रयास है कि आस्था ग्राम में रहने वाले बच्चों को आधुनिक शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से कॉरपोरेट कंपनियों और समाजसेवियों से सहयोग लिया जा रहा है। वीआईपी इम्पैक्ट सेंटर ने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए तत्काल 7 लाख रुपये का योगदान दिया।
दान राशि चेक के माध्यम से ट्रस्ट को सौंपी गई। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारी, वीआईपी इम्पैक्ट सेंटर के प्रतिनिधि शिव कुमार तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रस्ट प्रबंधन ने कलेक्टर और दानदाता संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों के लिए नए कौशल विकास केंद्र शुरू किए जाएंगे और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।