चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा प्रदेश के किशोर विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित एक अभिनव और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार“ (रूपांतरणकारी मंगलवार) के तहत जिले में माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार के दिन नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में बच्चों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ के तत्वाधान में किया जा रहा है। इस क्रम में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ मानसिंह चुण्डावत के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ के सचिव योगिता पारीक के नेतृत्व में आज दिनांक 07.07.2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेंती एवं महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चित्तौड़गढ़ में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया एवं इस अभियान से संबंधित बच्चों की जो भी शिकायत थी उनका भी सरल भाषा में निराकरण किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सचिव योगिता पारीक ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार और उसके सुंदर भविष्य को नष्ट कर देता है। हमारे युवाओं में असीमित ऊर्जा और बड़े सपने देखने की क्षमता है। आज समय की मांग है कि वे इस ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों एवं अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में करें। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार का नशा न करने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत द्वारा भी बच्चों को नशे के प्रकार एवं उनसे बचाव हेतु जानकारी दी गई तथा विधिक सेवाओं से अवगत करवाया गया।
इसके अलावा विशिष्ठ नयायाधीश एन.डी.पी.एस 01 किशनलाल चौधरी ने भी सेंट पॉल स्कूल चित्तौड़गढ़ में नशे के विरूद्ध जागरूकता शिविर का आयोजन किया। उन्होंने उपस्थित बच्चों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए किसी भी प्रकार का नशा न करने हेतु जागरूक किया। इसी के साथ अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम संख्या 01 अंशुमन सिंह खंगरौत, न्यायिक मजिस्ट्रेट तमन्ना कुमारी, अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेश बजाड़, विशिष्ठ न्यायिक मजिस्ट्रेट एन.आई.एक्ट प्रकरण मेघना यादव, प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड पूनम सेन,न्यायिक अधिकारी ग्राम न्यायालय वीणा सुवालका,लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ताओं ने भी नशे के विरूद्ध जागरूकता शिविर का आयोजन कर बच्चों एवं वयस्कों को नशा न करने हेतु प्रेरित किया।