छोटीसादड़ी/निंबाहेड़ा। गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश देते हुए श्री ग्वाल गोपाल नंदी गौशाला जमलावदा के संचालन समिति अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना का जन्मोत्सव मंगलवार को गौशाला परिसर में सेवा और संस्कारों के साथ मनाया गया।
जन्मोत्सव के अवसर पर गौशाला परिसर में पौधारोपण और गौसेवा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंजना परिवार और गौशाला संचालन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य सड़क एवं नीमच रोड किनारे नीम और बरगद जैसे छायादार पौधों का रोपण किया। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड भी लगाए गए, ताकि आने वाले समय में ये पौधे क्षेत्र को हरियाली और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें।
इसके बाद गौशाला में विशेष गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गौमाता को गुड़, लड्डू और हरी घास का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना की।
गौशाला संचालन समिति के पदाधिकारियों ने पूरण आंजना के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गौशाला में गौवंश संरक्षण, चिकित्सा सुविधा, चारे और आधारभूत संसाधनों के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता और समाजसेवा के प्रति समर्पण से गौशाला विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पूरण आंजना सामाजिक, धार्मिक, खेल और जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। जन्मोत्सव को सेवा कार्यों से जोड़कर उन्होंने समाज और युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर आंजना परिवार की मातृशक्ति, युवा विपिन आंजना, निखिल आंजना सहित गौशाला समिति के पदाधिकारी, गौभक्त और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में विजय मेहता और पुष्कर शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए गौशाला विकास और गौसेवा कार्यों में निरंतर सहयोग की अपील की।