झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न ग्रामों एवं तहसीलों से आए नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना गया, जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए, कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी माध्यम है उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उन्हें समय पर राहत मिल सके, उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम नारेला, तहसील थांदला निवासी देवा पिता विन्जा डिंडोर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनकी निजी कृषि भूमि सर्वे नंबर 480, रकबा 0.86 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज है इसके बावजूद विपक्षीगण द्वारा उनकी भूमि पर लगातार अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू शारदा ट्रैक्टर लेकर अपनी भूमि पर बोवनी करने गई थी तभी विपक्षीगण ने उस पर पत्थरों से हमला किया, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी पुलिस चौकी खवासा में शिकायत करने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने की बात उन्होंने जनसुनवाई में रखी। कलेक्टर ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए खवासा तहसीलदार को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार पेटलावद तहसील के ग्राम सॉतेर निवासी राजुबाई पूनमचंद कीर ने आवेदन देकर बताया कि विपक्षीगण द्वारा उनके हिस्से की भूमि का विक्रय कर दिया गया है तथा आए दिन उनकी सास के हिस्से की भूमि पर भी कब्जा करने एवं उसे छीनने का प्रयास किया जा रहा है कलेक्टर ने तहसीलदार पेटलावद को प्रकरण की विधिवत जांच कर शीघ्र एवं न्यायोचित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राणापुर तहसील के ग्राम झांझरवा निवासी कालु पिता रावजी सिंगार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि विपक्षीगण द्वारा उनकी कब्जे की भूमि पर जबरन अवैध रूप से मकान का निर्माण कर लिया गया है उन्होंने इस संबंध में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की, कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मेघनगर तहसील के ग्राम बेडावली निवासी अमृतलाल पिता दीपसिंह नायक ने बताया कि ग्राम बेडावली के मोहल्ला हनुमान में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा आरसीसी सड़क का निर्माण किया गया है जिसमें नल-जल योजना की पाइपलाइन सड़क के ऊपर ही छोड़ दी गई है न तो पाइपलाइन के कनेक्शन दिए गए हैं और न ही आवश्यक वाल्व लगाए गए हैं इसके कारण आम नागरिकों को आवागमन में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने अधूरे पड़े कार्य की जांच कर उसे पूर्ण कराने तथा जहां पाइपलाइन नहीं डाली गई है वहां पाइपलाइन बिछाकर नल-जल योजना प्रारंभ कराने की मांग की कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
थांदला निवासी ज्योति पति स्व. संदीप दोहरे ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है तथा परिवार में कमाने वाला अन्य कोई सदस्य नहीं है वर्तमान में वह अत्यंत कठिन आर्थिक परिस्थितियों में अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं उन्होंने बीपीएल सर्वे सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम छापरी, तहसील थांदला निवासी विकास डामोर ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि बाबा देव समोई क्षेत्र में पिछले कई दिनों से खुले में कचरा जमा है जिसकी नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों एवं अन्य कीटों की संख्या बढ़ने से बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया है उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने, पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने तथा नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों द्वारा हितलाभ वितरण
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक भी वितरित किए गए, मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम द्वारा भगवान बिरसा मुंडा योजना अंतर्गत कमलेश सिंगाड़ को 6.30 लाख रुपये, अभिषेक मकवाना को 1.80 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया, वहीं गौतम गामड़ को 25 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र तथा अतुल डामोर को 9 लाख रुपये के ऋण का डेमो चेक प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चार स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के संचालन हेतु 31.41 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ममता प्रजापत को 15 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
इसी प्रकार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत शुभम शाह को 9.50 लाख रुपये तथा मयूरी पांचाल को किराना दुकान स्थापना हेतु 4.50 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया, संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत चन्द्रकान्त को 2.65 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया।
पशुपालन विभाग द्वारा कालु मेढ़ा एवं पार्वती सतोगिया को बकरी पालन के लिए 70-70 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सभी विभागीय अधिकारियों को पुनः निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग कर पात्र आवेदकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।