मनासा। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों की दिशा में लायंस क्लब मनासा ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपना 161वां नेत्रदान संपन्न कराया। नगर के प्रतिष्ठित किराना व्यवसायी स्वर्गीय सुरेशजी झंवर के निधन के बाद उनके परिवार ने स्वप्रेरणा से नेत्रदान का संकल्प लिया, जिससे जरूरतमंदों को नई रोशनी मिल सकेगी।
नेत्रदान कार्य लायंस क्लब मनासा और लायन कैलाशजी लढ़ा (निंबाहेड़ा गोल्ड) के सहयोग से संपन्न हुआ। गोमाबाई नेत्र चिकित्सालय नीमच के डॉ. हेमंत पुरस्वानी, डॉ. हर्षित बंसल और वंदना धाकड़ की टीम ने नेत्र उत्सर्जन की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर लायंस क्लब मनासा के अध्यक्ष महेश राठी, नेत्रदान प्रकल्प प्रमुख प्रशांत शर्मा, दिनेश झंवर, डॉ. राजेश पाटीदार, अशोक मालपानी, रमेश मूंदड़ा, एमके डे, विष्णु सोनी, यशवंत सोनी, नेमीचंद पाटीदार, नितिन जैन, अरुण बसेर, दीपक बसेर, अश्विन सोनी सहित समाजजन उपस्थित रहे।
स्वर्गीय सुरेशजी झंवर के परिवार ने इस पुनीत कार्य के माध्यम से समाज को मानवता और सेवा का संदेश दिया। लायंस क्लब एवं उपस्थित लोगों ने झंवर परिवार के इस अनुकरणीय कार्य के लिए साधुवाद व्यक्त किया और नेत्रदान को समाज में बढ़ावा देने की अपील की।