नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को नीमच पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिलेभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। एसपी व्यास ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की 13 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण-
जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 13 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया। वहीं, जिला स्तरीय जनसुनवाई में लगभग 51 फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं।
भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों पर हुई सुनवाई-
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। एसपी राजेश व्यास ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। साथ ही उन्होंने समय-समय पर थाना स्तर पर भी जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके।
अधिकारियों की रही मौजूदगी-
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई शिविर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह सहित जिले के विभिन्न थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।