नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, जनहित से जुड़े मामलों एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के अस्पतालों एवं होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित अस्पतालों एवं होटलों का आगामी 15 दिनों में निरीक्षण कर फायर सेफ्टी मानकों की जांच करें और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश-
कलेक्टर ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों एवं ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
कृषि सीजन को देखते हुए खाद एवं बीज की कालाबाजारी रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
देवस्थानों की व्यवस्थाओं को लेकर भी दिए निर्देश-
बैठक में जिले के प्रमुख देवस्थानों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित प्रबंधन समितियों का गठन आगामी 15 दिनों में करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी जिला अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयसीमा में समाधान कर पोर्टल पर निराकरण दर्ज कराया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।