चित्तौड़गढ़। मानसून के आगमन को देखते हुए जिले में संचालित वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों के समय में बदलाव किया गया है। जिला कार्यक्रम समन्वयक (ईजीएस) एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में यह संशोधित समय व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जिला कलक्टर के अनुसार, गर्मी के मौसम में श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य का समय सुबह 5ः30 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक निर्धारित किया गया था। अब मौसम में बदलाव और बारिश को देखते हुए 8 जुलाई 2026 से कार्यस्थलों पर सुबह 9ः00 बजे से शाम 5ः00 बजे तक कार्य किया जाएगा। इस दौरान दोपहर 1ः00 बजे से 2ः00 बजे तक विश्राम काल रहेगा।
उन्होंने बताया कि यदि कोई श्रमिक समूह निर्धारित टास्क को तय समय से पहले पूरा कर लेता है, तो मेट के पास उपलब्ध मस्टररोल में टास्क प्रपत्र दर्ज करवाने, समूह के मुखिया के हस्ताक्षर और एनएमएमएस प्रक्रिया के तहत द्वितीय पारी की उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल छोड़ सकता है।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय व्यवस्था की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि योजना के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें और श्रमिकों को सुविधा मिल सके।