नीमच। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) में 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस के सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट कर्नल सुनील चिकोडे के निर्देशन एवं लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कैडेट्स को साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय ठगी, फिशिंग लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान गूगल फॉर्म आधारित साइबर क्विज भी आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझा।
विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने सोशल मीडिया सुरक्षा, प्राइवेसी सेटिंग्स एवं डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स से समाज में साइबर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स समाज के अनुशासित मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कैडेट्स से शिविर में प्राप्त जानकारी को परिवार, मित्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन.के. डबकरा, प्रो. संजय जोशी, एनसीसी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार लक्षकार, कैंप एडमिन जितेंद्र कनौजिया सहित महाविद्यालय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेकंड ऑफिसर कुलदीप सिंह चंद्रावत ने किया।