सतना। जिले की नागौद जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गिंजारा के छुलहा गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से उपेक्षित पड़े करीब 900 मीटर लंबे कच्चे मार्ग पर ग्रामीणों ने बेशरम के पौधे लगाकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान कच्चा मार्ग पूरी तरह कीचड़ और फिसलन से भर जाता है। इससे मरीजों, स्कूली बच्चों और किसानों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है और गांव का संपर्क लगभग टूट जाता है।
कई बार मांग उठी, फिर भी नहीं बनी सड़क
ग्रामीण रानी कोरी ने बताया कि विवाह के बाद से ही वह सड़क की बदहाल स्थिति देख रही हैं, लेकिन आज तक निर्माण नहीं हुआ। जितेंद्र पटेल ने कहा कि सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ ही कलेक्टर से भी कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई। आश्वासन तो मिले, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अशोक मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुरुवार तक सड़क को मोटरेबल बनाया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुगम हो सके। साथ ही बरसात समाप्त होने के बाद सड़क का स्थायी निर्माण कराने का भी भरोसा दिया।