शाजापुर। जिले के ग्राम मझानिया की बेटी अंजली सौराष्ट्रीय ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पद पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
अंजली के पिता हिम्मत सिंह सौराष्ट्रीय ने बेटी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों की सफलता पूरे परिवार और समाज का सम्मान बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि अंजली ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंजली के चयन की सूचना मिलते ही उनके निवास पर शुभचिंतकों का तांता लग गया। इस अवसर पर राजेश गोयल, बद्री प्रसाद सौराष्ट्रीय, समाजसेवी संतोष सांवले, अनिल मालवीय, नितिन सौराष्ट्रीय सहित समाज के अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंजली की सफलता क्षेत्र की युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।