दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन पूर्व गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि नामांकन फॉर्म खरीदना चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा नहीं माना जाता, लेकिन इसे उनकी संभावित दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा, वेदराम कुर्मी और हंशमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इसके साथ ही तीन दिनों में नामांकन फॉर्म लेने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव और केशव यादव ने फॉर्म खरीदा था। दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक के साथ हरदास और रामसिंह ने भी नामांकन पत्र लिया। हालांकि अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
उधर, भाजपा और कांग्रेस सहित प्रमुख राजनीतिक दलों ने अब तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में सभी की निगाहें दोनों दलों की उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रत्याशियों की घोषणा के बाद दतिया उपचुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होगी तथा चुनावी गतिविधियां और तेज होंगी।