खरगोन। जिले में मौसम विभाग का भारी बारिश को लेकर जारी अलर्ट सही साबित हो रहा है। पिछले 24 घंटे से शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मंगलवार शाम से शुरू हुई बारिश बुधवार शाम तक जारी रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
लगातार हो रही बारिश से जिले के तालाब, नदी-नालों और अन्य जलस्त्रोतों का जलस्तर बढ़ने लगा है। वहीं खेतों में सिंचाई की समस्या भी काफी हद तक दूर हो गई है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही है।
हालांकि लगातार बारिश का असर जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। दिनभर बारिश होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लोगों को आवागमन में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भू-अभिलेख विभाग के अनुसार, जिले में 1 जुलाई से अब तक औसतन 9.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान बड़वाह तहसील में सबसे अधिक 342 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि झिरन्या तहसील में सबसे कम 159 मिमी बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।