नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जावी एवं मालखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर शाला पूर्व शिक्षा (ईसीसीई) की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनके सीखने के स्तर का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यपुस्तिकाओं के माध्यम से बच्चों से अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र पहचान, फलों के नाम, गिनती, अंग्रेजी वर्णमाला एवं कविताएं सुनकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का परीक्षण किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक 20 तक गिनती सुनाई, फलों के नाम बताए और कविताएं भी प्रस्तुत कीं। बच्चों की सक्रिय सहभागिता एवं आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों की उन्होंने सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई तथा कार्यपुस्तिकाओं को समय पर पूर्ण नहीं कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी हितग्राहियों तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी ईरफान अंसारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।