नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले में संचालित मुख्यमंत्री डेयरी प्लस एवं आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालकों के डेयरी फार्मों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से संवाद कर दुग्ध उत्पादन, आय में वृद्धि तथा योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने डेयरी प्लस योजना से लाभान्वित पशुपालक विष्णु पाटीदार के फार्म का निरीक्षण किया। पाटीदार ने बताया कि योजना के तहत उन्होंने दो उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं, जिसके लिए उन्हें राइट्स ऑफ कॉर्पाेरेशन के माध्यम से 1.47 लाख रुपये का ऋण मिला है। साथ ही योजना के अंतर्गत 50 से 75 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों भैंसों से प्रतिदिन सुबह-शाम लगभग 10 लीटर दूध प्राप्त होता है। फार्म पर एचएफ नस्ल की गाय भी है, जिससे कुल मिलाकर प्रतिदिन लगभग 50 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पशुपालक के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्थिति की जानकारी ली और पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़ को निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड शीघ्र बनवाए जाएं, ताकि उन्हें आवश्यकतानुसार आसानी से ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम उच्चेड़ में आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालक प्रकाश सालवी के डेयरी फार्म का भी निरीक्षण किया। सालवी ने बताया कि योजना के तहत छह लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर उन्होंने राजस्थान से सात उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं। वर्तमान में प्रत्येक भैंस से प्रतिदिन 4 से 5 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ मिलने से पहले उनके पास केवल दो गाय थीं, जिनसे बहुत कम दूध उत्पादन होता था, लेकिन अब दुग्ध उत्पादन और आय दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की डेयरी योजनाएं ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र पशुपालकों को योजनाओं से जोड़कर उनका समय पर लाभ सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नीमच एसडीएम पराग जैन, मनासा एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार संतोष कुमार, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़, डॉ. शंकरलाल चौहान, कृषि विभाग के नगीन सिंह रावत, उद्यानिकी विभाग के पी.एस. कनेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।