नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को मालखेड़ा एवं जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर तथा विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया और गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
मालखेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं की बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न पूछकर ब्लैकबोर्ड पर हल करवाए। उन्होंने बच्चों की सीखने की क्षमता का परीक्षण करते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली एवं दूसरी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण की सराहना करते हुए कलेक्टर ने शिक्षिका चंद्रा श्योपुरा की प्रशंसा की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देश दिए कि शैक्षणिक सत्र के शुरुआती 10 से 15 दिनों तक सभी विद्यालयों में गतिविधि आधारित कक्षाएं संचालित की जाएं, ताकि नवप्रवेशी बच्चे सहज रूप से विद्यालयीन वातावरण से जुड़ सकें।
इसके बाद कलेक्टर ने जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर हिंदी पाठ्यपुस्तक से पाठ पढ़ाया तथा बच्चों की पठन क्षमता और सीखने की गुणवत्ता का आकलन किया। साथ ही विद्यार्थियों से संवाद कर नियमित अध्ययन और अनुशासन के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक दिलीप व्यास, मालखेड़ा विद्यालय की प्राचार्य ममता बीरवाल, जावी विद्यालय के संस्था प्रधान बालमुकुंद सुथार सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।