नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को ग्राम जावी स्थित पूजा घाणी एवं लघु उद्योग का निरीक्षण कर पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना) के तहत स्थापित मूंगफली तेल उत्पादन इकाई का जायजा लिया। उन्होंने तेल उत्पादन, रिफाइनिंग प्रक्रिया एवं इकाई की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
योजना से लाभान्वित हितग्राही शंभूलाल राठौर ने बताया कि उन्हें पीएमएफएमई योजना के तहत 2.59 लाख रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने यह लघु उद्योग स्थापित किया। उन्होंने बताया कि मूंगफली तेल के साथ पशु आहार के लिए खल का भी उत्पादन होता है, जिससे उन्हें प्रतिमाह करीब 30 हजार रुपये की आय हो रही है।
कलेक्टर ने इकाई के संचालन की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की रोजगारोन्मुखी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार संतोष कुमार, उद्यानिकी विभाग के पी.एस. कनेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।