नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को ग्राम पिपलिया रुंडी स्थित राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) की उद्यमिता विकास परियोजना के तहत संचालित बकरी पालन इकाई का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हितग्राही गोपाल जाटव ने बताया कि उनके फार्म पर वर्तमान में करीब 500 बकरियों का पालन किया जा रहा है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में 40 लाख रुपये का बैंक ऋण, 45 लाख रुपये का शासकीय अनुदान तथा 12 लाख रुपये का हितग्राही अंशदान शामिल है।
गोपाल जाटव ने बताया कि परियोजना से उन्हें प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये की आय हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
कलेक्टर ने बकरी पालन इकाई की व्यवस्थाओं, पशुओं के रखरखाव एवं परियोजना संचालन का अवलोकन करते हुए स्वरोजगार और पशुपालन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।