मुरैना। अंबाह विधानसभा के जोहां-श्यामपुर मार्ग की बदहाल स्थिति के विरोध में एक युवक ने अनोखा आंदोलन शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर नवनीत सिंह तोमर ने अन्न-जल त्यागते हुए अपने गांव से सांसद कार्यालय तक दंडवत यात्रा शुरू की है। उन्होंने ऐलान किया है कि सड़क बनने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
नवनीत सिंह तोमर का कहना है कि पंचायत, जनसुनवाई, सरपंच और सांसद सहित कई स्तरों पर सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन वर्षों बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। मजबूर होकर उन्होंने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है।
ग्रामीणों के अनुसार जोहां-श्यामपुर मार्ग लंबे समय से जर्जर और कच्चा है। बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और मरीजों व गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कत होती है। वहीं स्कूली वाहनों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
दंडवत यात्रा के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने नवनीत को आंदोलन समाप्त करने की समझाइश दी, लेकिन उन्होंने सड़क बनने तक संघर्ष जारी रखने की बात दोहराई। उनका आरोप है कि चुनाव के समय सड़क निर्माण के वादे किए गए थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया।
इस आंदोलन के बाद क्षेत्र में सड़क निर्माण का मुद्दा गरमा गया है और ग्रामीण भी युवक के समर्थन में उतर आए हैं। इस मामले में जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव ने कहा कि सड़क किस विभाग के अधीन है, इसकी जांच कराई जाएगी। संबंधित विभाग से चर्चा के बाद सड़क निर्माण की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।