दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद दतिया और डबरा की सीमा पर स्थित सिंध नदी के कोटरा घाट पर कथित रूप से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है। सोशल मीडिया पर विडियो वायरल हो रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि घाट पर पनडुब्बियां (मशीनें) डालकर रेत निकाली जा रही है तथा आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेत भरकर लगातार परिवहन किया जा रहा है।बताया जा रहा है कि 30 जून से 30 नवंबर तक नदी से रेत खनन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद खुलेआम हो रहे कथित अवैध उत्खनन से खनिज विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र गोराघाट थाना अंतर्गत आता है, जबकि रेत का परिवहन डबरा देहात क्षेत्र से होकर किया जा रहा है। ऐसे में दो जिलों की पुलिस और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
उधर, दतिया विधानसभा में उपचुनाव के कारण प्रशासन चुनावी व्यवस्थाओं में व्यस्त है। इसी बीच आरोप लग रहे हैं कि रेत माफिया प्रशासन की व्यस्तता का फायदा उठाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।