देवास। जिले को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर “टीबी मुक्त भारत अभियान” लगातार गति पकड़ रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की जांच और जागरूकता का कार्य कर रही हैं।
इसी क्रम में खातेगांव ब्लॉक के आमला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष शिविर आयोजित किया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का एक्स-रे और आवश्यक जांच की गई, साथ ही टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार को लेकर प्रशिक्षण व मार्गदर्शन भी दिया गया।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और अपनी जांच करवाई। यह नजारा इस बात का प्रमाण है कि अब लोग स्वास्थ्य के प्रति सजग हो रहे हैं और टीबी जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और सही उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक की जा सकती है। ऐसे में यह अभियान न सिर्फ बीमारी की पहचान कर रहा है, बल्कि लोगों में जागरूकता की नई उम्मीद भी जगा रहा है।
देवास जिले में चल रहा यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है, जहां प्रशासन और आमजन मिलकर “टीबी मुक्त भारत” के सपने को साकार करने में जुटे हैं।