खरगोन. जिले के महेश्वर में निमाड़ के जगन्नाथ के नाम से प्रसिद्ध भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा का भव्य आयोजन आगामी 16 जुलाई को होगा। आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर से जुड़े श्रद्धालु गांव-गांव व घर-घर लोगों को इस अद्भुत व अपनी तरह के एकमात्र आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने के लिए आमंत्रित कर रही हैं। गुरुवार को श्रीजगन्नाथ मंदिर महेश्वर के महंत ह्दयगिरीजी महाराज शहर पहुंचे। महंत श्री ने रथयात्रा की तैयारियों को लेकर जानकारी साझा करते हुए पत्रकारो को बताया कि आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया अर्थात 16 जुलाई को जगन्नाथपुरी की तर्ज पर महेश्वर में मां नर्मदा के तट के पेशवा घाट पर विराजित श्रीजगन्नाथ मंदिर से भी रथयात्रा का आयोजन होगा। इस भव्य आयोजन में जिले व प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। यात्रा का यह 15वा वर्ष है। वर्ष में एक बार हमारे जीवन की डोर थामने वाले श्री जगन्नाथ जी को रथ में विराजित कर रथ की डोर याने रस्से को खींचने का अवसर भक्तों को मिलता है। यह यात्रा भक्त और भगवान के मिलन की यात्रा है। यात्रा को लेकर उत्सवी माहौल बना हुआ है। महेश्वर में यात्रा मार्ग पर जगज जगह स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। यात्रा के बाग श्री जगन्नाथ को 56 भोग लगाकर महाप्रसादी भक्तों में बाटी जाएगी।