नीमच। जिले के फोर ज़ीरो भारत माता चौराहा पर गुरुवार को जिला महिला कांग्रेस ने राम मंदिर में कथित दान चोरी, नीट पेपर लीक, किसानों को खाद-बीज की कमी तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर अनोखे अंदाज़ में विरोध-प्रदर्शन किया। उपवास, भजन और हवन के माध्यम से आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी और जनसमस्याओं के समाधान में विफल रहने का आरोप लगाया गया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ष्रघुपति राघव राजा रामष् भजन गाकर एवं हवन कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा की सांकेतिक तिजोरी रखकर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन स्थल पर रामलला का चढ़ावा सुरक्षित करो, आस्था का सम्मान करो तथा राम मंदिर के लिए दान की आवश्यकता नहीं, दान की आवश्यकता बीजेपी को है जैसे संदेशों वाले बैनर और तख्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर ने कहा कि राम मंदिर में कथित दान चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नीट पेपर लीक, किसानों को खाद-बीज की कमी और अन्य जनहित के गंभीर मुद्दों पर मौन बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राम के नाम पर राजनीति नहीं, रामलला की सुरक्षा चाहिए जैसे नारे लगाते हुए सरकार से मामले की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर यासमीन शेरानी, बेबी मेहरा, लीला बंसल, दीपा तंवर, शमीदा मिर्जा, रुखसाना खान, चेतना लालका, रेखा जोशी, बबली तंवर, हिदायतुल्ला खान सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।