नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की निकायवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उपयंत्री अंकित मांझी एवं टेकचंद बुनकर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आगामी माह तक जिले के 1,500 पात्र हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक एवं नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा पूर्ण आवासों की जियो-टैगिंग निर्धारित समय-सीमा में कराने के निर्देश भी दिए गए। नगर परिषद डीकेन में निर्मित वाटर बॉडी के कार्य में सक्षम स्वीकृति के बिना भुगतान किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु को देखते हुए जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने, जनहानि की आशंका वाले भवनों को तत्काल खाली कराने तथा आवश्यकता होने पर उन्हें ध्वस्त करने के निर्देश भी दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, नीमच मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया सहित जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।