दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन आजाद समाज पार्टी (एएसपी) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही वे उपचुनाव में नामांकन भरने वाले पहले प्रत्याशी बन गए।
दामोदर यादव अपने भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। वे इस चुनाव में केटली चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरेंगे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया गया, जबकि समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।