कालापीपल। बीजेपी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कें नहीं बनने तक जूते-चप्पल नहीं पहनने का ऐलान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में खुले मंच से ये बात कही। हालांकि, मुख्यमंत्री ने इन सड़कों को बनवाने का आश्वासन देते हुए कहा कि विधायक को जूते-चप्पल त्यागने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को शाजापुर के कालापीपल में किसान सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। कृषि उपज मंडी परिसर में बने मंच पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद महेंद्र सोलंकी भी मौजूद थे। कार्यक्रम में चंद्रवंशी ने जनता को संबोधित करते हुए मांग पत्र पढ़कर सुनाया। उन्होंने 48 सड़कों के उन्नयन, 16 नई सड़कों की स्वीकृति, नए राजस्व भवन और अरनियाकला में आर्ट एंड साइंस खोलने की मांग रखी। कहा- 16 सड़कें स्वीकृत नहीं हुईं या उनका निर्माण पूरा नहीं हुआ तो मैं जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा।
मुख्यमंत्री यादव ने विधायक को जवाब देते हुए कहा, “16 नहीं, 17 सड़कें देंगे। हमारे जूते-चप्पल कांटों से बचाने और दौड़ लगाने के लिए हैं। विधायक जी को जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। अपनी बात और शब्दों का ध्यान रखना चाहिए। यह काम कांग्रेसियों के लिए रहने दो। सरकार अच्छे और सच्चे काम के लिए आपके साथ है।”
मुख्यमंत्री ने कहा- यह कागज मैंने ले लिया है। नाम नहीं पढ़ूंगा, लेकिन आपको बुलाकर सभी मांगें मंजूर कर रहा हूं। विकास के कामों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने 29 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
पूर्व विधायक और कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका
सीएम की विजिट के दौरान विरोध प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने कड़ी व्यवस्था की थी। जेठड़ा जोड़ पर युवक कांग्रेस के जिला पदाधिकारी चिराग परमार सहित कई कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। अरनियाकला से कालापीपल की ओर जाते समय कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को भी पुलिस ने आगे नहीं बढ़ने दिया।