शाजापुर/कालापीपल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कालापीपल में आयोजित किसान सम्मेलन में करीब ₹29 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान विधायक घनश्याम चंद्रवंशी के जूते-चप्पल त्यागने के ऐलान पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय रही।
विधायक ने मंच से कहा कि यदि क्षेत्र की 16 सड़कों की स्वीकृति या निर्माण नहीं हुआ तो वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, "16 नहीं, 17 सड़कें देंगे। विधायक जी को जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। जूते-चप्पल कांटों से बचाने और दौड़ लगाने के लिए होते हैं। यह काम कांग्रेसियों के लिए रहने दो।"
मुख्यमंत्री ने विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से मिले मांगपत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।